Bhiwadi News : भिवाड़ी नगर परिषद की निर्विरोध सभापति चुनी गईं डॉ. गुंजन खटाना, कांग्रेस के गगन तंवर और निर्दलीय शीशराम तंवर ने नामांकन लिया वापस

SHARE:

ncrkhabar@Bhiwadi .भिवाड़ी नगर परिषद की सभापति के चुनाव में शुक्रवार को बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया। भाजपा पार्षद डॉ. गुंजन खटाना निर्विरोध सभापति निर्वाचित हुईं। नाम वापसी के दिन कांग्रेस प्रत्याशी गगन तंवर और निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल करने वाले पूर्व सभापति शीशराम तंवर ने अपने नामांकन वापस ले लिए। दोनों प्रत्याशियों के नामांकन वापस लेने के बाद डॉ. गुंजन खटाना के निर्विरोध निर्वाचन का रास्ता साफ हो गया। नगरपालिका से नगर परिषद बनने के बाद सभापति पद पर पहली बार निर्वाचन हुआ है। शुक्रवार को नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद डॉ. गुंजन खटाना को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया।

बाड़ेबंदी से लौटने लगे भाजपा पार्षद

सभापति चुनाव को लेकर पिछले दिनों से चल रही पार्षदों की बाड़ेबंदी भी शुक्रवार के घटनाक्रम के बाद खत्म होती नजर आई। देहरादून में मौजूद भाजपा पार्षदों के भिवाड़ी लौटने का सिलसिला शुरू हो गया। निर्विरोध निर्वाचन के बाद पार्षदों ने डॉ. गुंजन खटाना को बधाई दी और नगर परिषद के कामकाज में सहयोग का भरोसा दिलाया।

आवास पर लगा बधाई देने वालों का लगा रहा तांता

डॉ. गुंजन खटाना के निर्विरोध सभापति चुने जाने की सूचना के बाद उनके आवास पर बधाई देने वालों का तांता लग गया। उद्यमी राजवीर दायमा, भव्य जैन, भाजपा नेत्री कंचन तिवारी सहित अन्य लोगों ने उनके पिता अजीत खटाना का माल्यार्पण कर और गुलदस्ता भेंटकर बधाई दी। वहीं, बाड़ेबंदी में मौजूद भाजपा पार्षद अमित नाहटा सहित अन्य पार्षदों ने भी डॉ. गुंजन खटाना को बधाई दी। पार्षदों ने नगर परिषद के विकास कार्यों में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। डॉ. गुंजन खटाना के निर्विरोध सभापति चुने जाने के बाद अब नगर परिषद में नए बोर्ड के कामकाज और आगामी विकास कार्यों को लेकर गतिविधियां तेज होने की उम्मीद है।

Leave a Comment

Our Visitor

4 5 8 0 0 4
Users Today : 2
Total Users : 4580046
Views Today : 11
Total views : 4602097
Read More