

Ncrkhabar@Bhiwadi.नगर परिषद भिवाड़ी की नवनिर्वाचित सभापति डॉ. गुंजन खटाना ने बुधवार को नगर परिषद कार्यालय पहुंचकर कार्यभार संभाल लिया। इससे पहले नवनिर्वाचित पार्षदों को शपथ दिलाई गई। नगर परिषद आयुक्त सुरेश मीणा ने नवनिर्वाचित पार्षदों का स्वागत किया।
क्लीन, ग्रीन और डिजिटल भिवाड़ी बनाने पर जोर
कार्यभार संभालने के बाद सभापति डॉ. गुंजन खटाना ने भिवाड़ी के विकास को लेकर अपनी प्राथमिकताएं बताईं। उन्होंने कहा कि भिवाड़ी को क्लीन भिवाड़ी, डेवलप्ड भिवाड़ी, ग्रीन भिवाड़ी और डिजिटली कनेक्टेड भिवाड़ी बनाने के लिए काम किया जाएगा। शहर की मूलभूत सुविधाओं को बेहतर करने के साथ लोगों की समस्याओं के प्राथमिकता से समाधान पर जोर रहेगा।डॉ. गुंजन खटाना ने बताया कि कार्यभार संभालने के बाद शुरुआती 30 दिन सभी वार्डों में जाकर लोगों की समस्याएं सुनी जाएंगी। वार्डों में पहुंचकर समस्याओं को चिन्हित किया जाएगा और उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय किया जाएगा। उन्होंने बताया कि समस्याओं की निगरानी के लिए एक ऐप बनाने की योजना है। इसमें वार्डों से सामने आने वाली समस्याओं को दर्ज किया जाएगा और यह ट्रैक किया जा सकेगा कि समस्या के समाधान के लिए क्या कार्रवाई हुई और उसका निस्तारण हुआ या नहीं।
सभी 60 वार्डों को अपना वार्ड मानकर करेंगी काम
सभापति ने कहा कि वह भिवाड़ी के सभी 60 वार्डों को अपना वार्ड मानकर काम करेंगी। किसी वार्ड के साथ विकास के मामले में भेदभाव नहीं किया जाएगा। शहरवासियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा।
पार्षदों के साथ मिलकर स्वच्छता पर काम
नगर परिषद आयुक्त सुरेश मीणा ने कहा कि नवनिर्वाचित पार्षदों के साथ मिलकर भिवाड़ी को स्वच्छ बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए परिषद और पार्षद मिलकर काम करेंगे। इस दौरान नगर परिषद के अधिकारी-कर्मचारी और नवनिर्वाचित पार्षद मौजूद रहे।

Users Today : 2
Total Users : 4580046
Views Today : 11
Total views : 4602097



