Bhiwadi News : भिवाड़ी में भाजपा को झटका: निर्दलीय सुभिक्षा 32 वोट लेकर बनीं उपसभापति, गगन तंवर को चार वोटों से हराया

SHARE:

ncrkhabar@Bhiwadi. नगर परिषद भिवाड़ी के उपसभापति पद के चुनाव में मंगलवार को बड़ा उलटफेर हुआ। निर्दलीय प्रत्याशी सुभिक्षा ने भाजपा प्रत्याशी गगन तंवर को चार वोट से हराकर उपसभापति पद पर जीत दर्ज की। सुभिक्षा को कुल 32 वोट मिले, जबकि गगन तंवर के पक्ष में 28 पार्षदों ने मतदान किया। परिणाम घोषित होने के बाद नगर परिषद कार्यालय के बाहर सुभिक्षा के समर्थकों ने आतिशबाजी कर जीत का जश्न मनाया और मिठाई बांटी। रिटर्निंग अधिकारी सुमित्रा मिश्र ने नवनिर्वाचित उपसभापति सुभिक्षा को निर्वाचन प्रमाण पत्र प्रदान किया।

भाजपा के 30 पार्षद, फिर भी प्रत्याशी को 28 वोट

भिवाड़ी नगर परिषद के 60 वार्डों के चुनाव में भाजपा ने 30 वार्डों में जीत दर्ज की थी। उपसभापति चुनाव में भाजपा ने गगन तंवर को प्रत्याशी बनाया था। इसके बावजूद उन्हें 28 वोट ही मिले, जबकि निर्दलीय सुभिक्षा को 32 वोट प्राप्त हुए। परिणाम के बाद राजनीतिक गलियारों में क्रॉस वोटिंग और भाजपा खेमे में संभावित भीतरघात को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। हालांकि मतदान गुप्त होने के कारण किस पार्षद ने किस प्रत्याशी के पक्ष में मतदान किया, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

सभापति चुनाव के बाद बदला समीकरण

गगन तंवर वार्ड संख्या 24 से भाजपा प्रत्याशी तेजपाल ठेकेदार को हराकर पार्षद निर्वाचित हुए थे। उन्होंने सभापति पद के लिए कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल किया था। नाम वापसी के दिन शुक्रवार को उन्होंने अपना नामांकन वापस ले लिया था। इसके बाद भाजपा ने उन्हें उपसभापति पद का प्रत्याशी बनाया। वहीं वार्ड संख्या 55 से निर्दलीय प्रत्याशी सुभिक्षा ने भाजपा प्रत्याशी सुदेश देवी को हराकर पार्षद का चुनाव जीता था। उपसभापति चुनाव में दोनों प्रत्याशी आमने-सामने थे।

 

सभापति और उपसभापति के पद पर महिलाओं का कब्जा

इससे पहले नगर परिषद भिवाड़ी के सभापति पद पर भाजपा की डॉ. गुंजन खटाना निर्विरोध निर्वाचित हुई थीं। अब उपसभापति पद पर निर्दलीय सुभिक्षा की जीत के बाद नगर परिषद के सभापति और उपसभापति दोनों पदों पर महिलाओं का कब्जा हो गया है।सुभिक्षा की जीत के बाद पूर्व पार्षद जग्गी, उद्यमी राजवीर दायमा, अशोक दायमा सहित अन्य समर्थकों ने क्षेत्रवासियों का आभार जताया।

फोटो कैप्शन: उपसभापति चुनाव में मतदान के लिए जाते पार्षद अमित नाहटा, हवा सिंह दायमा व मोहन भिदुड़ी।
फोटो कैप्शन: उपसभापति चुनाव में मतदान के लिए जाते वार्ड संख्या दो से नव निर्वाचित पार्षद अमित नाहटा।
उपसभापति चुनाव में जीत के बाद प्रमाण पत्र दिखातीं नवनिर्वाचित उपसभापति सुभिक्षा।

Leave a Comment

Our Visitor

4 5 8 0 0 4
Users Today : 2
Total Users : 4580046
Views Today : 11
Total views : 4602097
Read More