NCRkhabar@Jaipur. भारत निर्वाचन आयोग (Election Commission Of India) के मुख्य चुनाव आयुक्त आयुक्त राजीव कुमार (Rajiv Kumar, Chief Election Commissioner) , निर्वाचन आयुक्त अनूप चंद्र पांडेय और अरूण गोयल तीन दिवसीय यात्रा पर 29 सितंबर से 1 अक्टूबर तक जयपुर आ रहे हैं। इस दौरान वे प्रदेश में विधानसभा आम चुनाव-2023 की तैयारियों की समीक्षा करेंगे।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रवीण गुप्ता ( CEO Pravin Gupta) ने बताया कि 29 सितंबर को मुख्य निर्वाचन आयुक्त व दोनों आयुक्त एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी जयपुर में मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक करेंगे। इसके पश्चात आयोग एन्फोर्समेंट एंजेंसियों जैसे राज्य पुलिस, सीपीएफ, आयकर, आबकारी, परिवहन, वाणिज्यिक कर विभाग, राज्य की लीड बैंक के समन्वयक, रेलवे तथा एयरपोर्ट आदि के नोडल अधिकारियों से विधासनभा चुनाव-2023 के संबंध में चर्चा करेंगे।
गुप्ता ने बताया कि मुख्य चुनाव आयुक्त के समक्ष 30 सितंबर को मुख्य निर्वाचन अधिकारी, राज्य पुलिस नोडल अधिकारी एवं केन्द्रीय पुलिस बल के नोडल अधिकारियों द्वारा तैयारियों से संबंधित प्रस्तुतिकरण दिया जाएगा। इसके पश्चात जिला निर्वाचन अधिकारियों, पुलिस महानिरीक्षकों, जिला पुलिस अधीक्षकों और चुनाव से जुड़े अधिकारियों के साथ बैठक कर चुनाव पूर्व तैयारियों का जायजा लेंगे।
गुप्ता ने बताया कि दौरे के आखिरी दिन 1 अक्टूबर को मुख्य चुनाव आयुक्त और आयुक्तगण मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक के साथ बैठक में विधानसभा आम चुनाव-2023 की तैयारियों की समीक्षा करेंगे और प्रेस से मुखातिब होंगे। तीन दिवसीय दौरे में उप निर्वाचन आयुक्त मनोज कुमार साहू, धर्मेन्द्र शर्मा, नितेश व्यास, अजय भादू, ह्रदयेश कुमार, महानिदेशक बी नारायण, संयुक्त निदेशक अनुज चांडक और सचिव अश्विनि कुमार मोहल भी रहेंगे।




Views: 1,350
Users Today : 243
Total Users : 4584301
Views Today : 320
Total views : 4608436



