
NCRKHABAR @Bhiwadi. इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA), भिवाड़ी ने मंगलवार को भारत रत्न डॉ. बी.सी. रॉय के सम्मान में राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस (National Doctors Day) बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया। स्थानीय ट्री हाउस होटल में आयोजित इस कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक ज्येष्ठा मैत्रेयी (IPS Jyeshtha Maitreyi, SP Bhiwadi) मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं और उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति डॉक्टरों के अमूल्य योगदान की सराहना की।
कार्यक्रम का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक ज्येष्ठा मैत्रेयी द्वारा दीप प्रज्वलन से हुआ। उन्होंने इस अवसर पर सभी चिकित्सकों से ज़रूरतमंदों की चिकित्सा सेवा के लिए हमेशा तत्पर रहने का आह्वान किया।
IMA भिवाड़ी के अध्यक्ष डॉ. अजय गोयल ने चिकित्सकों से समाज में जन स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने और लोगों को अच्छे स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया। IMA सचिव डॉ. मुदित मित्तल ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। डॉ. दिव्या गुप्ता ने राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए डॉ. बी.सी. रॉय के जीवन और समाज के प्रति उनके अतुलनीय योगदान पर बात की। गौरतलब है कि राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस पश्चिम बंगाल के दूसरे मुख्यमंत्री डॉ. बी.सी. रॉय के जन्मदिन के सम्मान में मनाया जाता है।
इस अवसर पर बच्चों ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिन्होंने उपस्थित सभी लोगों का मन मोह लिया। महिला चिकित्सकों ने अलवर में आयोजित राज्य स्तरीय गायनोलॉजी कॉन्फ्रेंस में प्रस्तुत किए अपने नृत्य की पुनः आकर्षक प्रस्तुति देकर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में विभिन्न परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभाशाली बच्चों को भी सम्मानित किया गया।
इस गरिमामय समारोह में गोपीनाथ हॉस्पिटल के संचालक डॉ. नीरज अग्रवाल, डॉ. राजेंद्र सिंह, डॉ. राजेश यादव, डॉ. श्रुति सांगवान, डॉ. राकेश सोनी, डॉ. मनीष चौहान, डॉ. अन्विका बंसल, डॉ. विपुला गढ़, डॉ. गरिमा, डॉ. प्रसंग सहित भिवाड़ी शहर के लगभग 150 चिकित्सक उपस्थित रहे।




Users Today : 193
Total Users : 4575943
Views Today : 240
Total views : 4596807



