
ncrkhabar@Bhiwadi. भिवाड़ी में औद्योगिक कचरे को खुले में जलाकर वायु प्रदूषण (Air Pollution) फैलाया जा रहा है, जिस पर प्रशासन की अनदेखी बरकरार है। यह कृत्य न केवल पर्यावरण को गंभीर नुकसान पहुंचा रहा है, बल्कि स्थानीय निवासियों के स्वास्थ्य के लिए भी खतरा बन गया है। हवा में घुल रहा यह ज़हर लोगों को सांस लेने संबंधी बीमारियों की ओर धकेल रहा है, लेकिन संबंधित अधिकारी इस गंभीर समस्या से बेखबर बने हुए हैं। औद्योगिक क्षेत्र (Industrial Area Kahrani) से निकलने वाले कचरे के उचित निपटान के लिए रामपुर मुंडाना में डंपिंग यार्ड बनाया गया है लेकिन कचरे को डंपिंग यार्ड में डालने के बजाय सड़कों के किनारे व खाली मैदानों में फेंक दिया जाता है। इसके बाद इसमें आग लगा दी जाती है, जिससे घना काला और जहरीला धुआं वातावरण में घुल जाता है। यह न केवल आसपास के वातावरण को प्रदूषित करता है, बल्कि पर्यावरण को भी गंभीर नुकसान पहुंचा रहा है। पिछले कई दिनों से कहरानी औद्योगिक क्षेत्र में रेलवे लाइन के किनारे कचरा डालकर उसमें आग लगाने का सिलसिला जारी है। शनिवार को इस कचरे में लगी आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे आसपास के क्षेत्र में घुटन और बेचैनी का माहौल बन गया। धुएं के गुबार से लोगों को आंखों में जलन और सांस लेने में तकलीफ हो रही है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि उन्होंने इस गंभीर समस्या के समाधान के लिए प्रशासन से कई बार गुहार लगाई है, लेकिन उनकी शिकायतों पर कोई सुनवाई नहीं हुई है। प्रशासन की इस लापरवाही और अनदेखी के कारण स्थानीय निवासियों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। वायु प्रदूषण से त्रस्त लोगों ने अब प्रशासन से इस समस्या का स्थायी समाधान निकालने की पुरजोर मांग की है। उनका कहना है कि अगर जल्द ही इस पर लगाम नहीं लगाई गई, तो यह स्थिति और भी गंभीर हो सकती है। स्थानीय लोग चाहते हैं कि प्रशासन इस पर तुरंत कार्रवाई करे ताकि उन्हें इस जहरीले धुएं से मुक्ति मिल सके और वे स्वच्छ हवा मिल सके।



Users Today : 199
Total Users : 4575949
Views Today : 246
Total views : 4596813



