
NCRkhabar@Bhiwadi. भिवाड़ी थाना पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर गौरव उर्फ छोट्या को गिरफ्तार किया है। आरोपी अपनी खुद की ‘छोट्या गैंग’ बनाने और पुरानी रंजिश का बदला लेने की तैयारी में था। पुलिस ने उसके कब्जे से 4 पिस्टल, एक देशी कट्टा और 3 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
भिवाड़ी एसपी प्रशांत किरण ने बताया कि गत बुधवार को एसएचओ देवेंद्र प्रसाद को गश्त के दौरान मुखबिर ने बताया कि एक लड़का, जिसके पास नीले रंग का पिट्ठू बैग है, मिलकपुर के पुराने एमएलए क्वार्टर में संदिग्ध हालत में बैठा हुआ है। उसके पास अवैध हथियार हैं और वह किसी बड़ी वारदात को अंजाम दे सकता है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत बताए गए स्थान पर पहुंची तो पुलिस को देखकर आरोपी भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन टीम ने घेराबंदी गौरव उर्फ छोट्या निवासी सैदपुर, थाना भिवाड़ी, को पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपी के पिट्ठू बैग की तलाशी ली, तो उसमें कपड़ों के नीचे एक गंदे तौलिए में लिपटे हुए 4 पिस्टल और एक देशी कट्टा मिला। बैग की सामने वाली जेब से तीन जिंदा कारतूस भी बरामद हुए, जिसमें से एक पिस्टल पर “मेडइन इटली ” लिखा हुआ है।
पुलिस की पूछताछ में गौरव उर्फ छोट्या ने बताया कि उसने अपनी खुद की ‘छोट्या गैंग’ बनाने और पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए ये हथियार उत्तर प्रदेश से खरीदे थे। उसके खिलाफ पहले से ही कई संगीन धाराओं में मामले दर्ज हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपी अपने ही गांव के लोगों पर मुखबिरी का शक करता था और उनसे बदला लेना चाहता था। इससे पहले कि वह अपने मंसूबों में कामयाब हो पाता, भिवाड़ी पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। पुलिस अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त और इस मामले से जुड़े अन्य आरोपियों के बारे में भी गहनता से पूछताछ कर रही है।

Views: 374
Users Today : 14
Total Users : 4580058
Views Today : 35
Total views : 4602121



