

Crime@ncrkhabar.com/Kishangarhbass. खैरथल-तिजारा जिले (Khairthal-Tijara) के किशनगढ़बास कस्बे में नीले ड्रम से बरामद शव के मामले ने पूरे इलाके को दहला दिया है। यूपी (UP) के शाहजहांपुर जिला (Shahjhanpur) निवासी हंसराम उर्फ सूरज की हत्या उसकी पत्नी और मकान मालिक के बेटे ने मिलकर की थी। वारदात को अंजाम देने के बाद शव को छुपाने के लिए नमक डालकर ड्रम में भर दिया गया। पुलिस ने मृतक की पत्नी लक्ष्मी देवी उर्फ सुनीता और आरोपी जितेंद्र कुमार को हिरासत में लिया है। दोनों से पूछताछ जारी है और माना जा रहा है कि जल्द ही हत्या की साजिश की पूरी कहानी सामने आ जाएगी।
मेरठ (Meerut) में हुए चर्चित सौरभ राजपूत हत्याकांड की तरह यह वारदात भी बेहद खौफनाक है। वहां जहां शव को ड्रम में सीमेंट से छुपाया गया था, वहीं किशनगढ़बास में नमक डालकर शव गलाने की कोशिश की गई। इस राज से पर्दा उस समय उठा जब मकान मालकिन को छत से बदबू आई और उसने पुलिस को सूचना दी।
रील्स की दीवानी थी पत्नी, पति संग बनाए थे कई वीडियो
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि मृतक की पत्नी सोशल मीडिया पर एक्टिव थी और उसे रील्स बनाने का शौक था। उसने पति के साथ कई वीडियो भी अपने अकाउंट पर अपलोड किए थे। अब पुलिस उसकी सोशल मीडिया गतिविधियों और संपर्कों की गहराई से जांच कर रही है।
मकान मालिक का बेटा बना ‘सूरज’ और ‘सुनीता’ का गवाह
मकान मालकिन मिथलेश ने बताया कि करीब डेढ़ महीने पहले उसका बेटा जितेंद्र हंसराम और उसकी पत्नी को किराए पर लेकर आया था। उसने घरवालों को भी गुमराह किया और दोनों के नाम गलत बताए। हंसराम को ‘सूरज’ और पत्नी को ‘सुनीता’ कहकर घर में किराएदार बनवाया। आज तक मकान मालिक का परिवार उन्हें इन्हीं नामों से जानता था।
ईंट भट्टे से हुई दोस्ती, फिर रचा गया खतरनाक खेल
पुलिस जांच में सामने आया कि जितेंद्र और हंसराम की दोस्ती भिंडूसी गांव के एक ईंट भट्टे पर हुई थी। जितेंद्र वहां मुनीम था, जबकि हंसराम और उसकी पत्नी मजदूर थे। बारिश के कारण ईंट भट्टे का काम बंद हुआ तो जितेंद्र ने हंसराम को अपने घर में छत पर बने कमरे में शिफ्ट करवा दिया। वहां वे 1500 रुपये किराया देकर रह रहे थे।
नमक डालकर छुपाई लाश, गला रेतकर की गई थी हत्या
17 अगस्त की रात मकान मालकिन को छत पर रखे ड्रम से बदबू आई। उसने तुरंत पुलिस को बुलाया। जब ड्रम खोला गया तो उसमें हंसराम का शव नमक से ढका हुआ मिला। शव की हालत देखकर पुलिस भी सन्न रह गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि धारदार हथियार से उसका गला काटा गया था।
भाई बोला—भाभी को मिले कड़ी सजा, बच्चों को रखेगा अपने पास
एसपी मनीष कुमार चौधरी ने बताया कि मृतक की पत्नी और आरोपी जितेंद्र को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। दोनों से लगातार पूछताछ हो रही है। वहीं मृतक के भाई गौतम कश्यप ने कहा कि उसकी भाभी को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए और वह अपने भाई के बच्चों को अपने साथ लेकर जाएगा।

Users Today : 72
Total Users : 4563186
Views Today : 82
Total views : 4579472



