

education@ncrkhabar.com-New Delhi/Bhiwadi. दिल्ली के इंडिया इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित 16वीं वार्षिक इंटर-स्कूल तत्कालीन वाद-विवाद प्रतियोगिता में भिवाड़ी के मॉडर्न पब्लिक स्कूल ने अपनी अद्भुत प्रतिभा का ऐसा प्रदर्शन किया कि पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूँज उठा। दो दिवसीय प्रतियोगिता में एमपीएस भिवाड़ी ने फर्स्ट रनर-अप टीम का खिताब जीतकर न केवल स्कूल का मान बढ़ाया, बल्कि यह भी सिद्ध किया कि छोटे शहरों की प्रतिभाएँ किसी से कम नहीं।
रोटरी क्लब ऑफ़ दिल्ली गार्डन सिटी की ओर से आयोजित 16वीं वार्षिक इंटर-स्कूल तत्कालीन वाद-विवाद प्रतियोगिता में देश-विदेश के शीर्ष स्कूलों के बीच प्रतिभा का अनूठा संगम देखने को मिला। सामाजिक, सांस्कृतिक और समसामयिक मुद्दों पर आधारित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में दिल्ली-एनसीआर सहित कई अंतरराष्ट्रीय स्कूलों के छात्रों ने अपनी वक्तृत्व कला, तार्किक सोच और तेज़-तर्रार अभिव्यक्ति से निर्णायक मंडल को प्रभावित किया। इस दमदार प्रतिस्पर्धा में मॉडर्न पब्लिक स्कूल, भिवाड़ी के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फर्स्ट रनर-अप टीम का स्थान हासिल किया। स्कूल की टीम में शामिल संध्या राजपूत और कृष्णा ने अपने प्रभावी तर्क, संयमित शैली और दमदार प्रस्तुति के दम पर निर्णायकों का दिल जीत लिया। टीम पुरस्कार के रूप में दोनों को पाँच–पाँच हजार रुपए प्रदान किए गए। इसके अलावा संध्या ने अपनी ओजपूर्ण वक्तृत्व कला से प्रथम सर्वश्रेष्ठ रनर-अप वक्ता का खिताब जीता और 7,500 रुपए की पुरस्कार राशि प्राप्त की। वहीं कृष्णा ने द्वितीय सर्वश्रेष्ठ रनर-अप वक्ता का स्थान हासिल करते हुए 5,000 रुपए का पुरस्कार अपने नाम किया। छात्रों की इस उपलब्धि ने समारोह में उपस्थित सभी अतिथियों का विशेष ध्यान आकर्षित किया। रोटरी क्लब का यह वार्षिक आयोजन विद्यार्थियों की भाषा-शैली, तार्किक दृष्टि, विश्लेषण क्षमता और आत्मविश्वास को बढ़ाने के उद्देश्य से किया जाता है। मंच पर युवा वक्ताओं ने समाज से जुड़े ज्वलंत मुद्दों पर अपनी स्पष्ट और सशक्त राय रखते हुए दर्शाया कि नई पीढ़ी न केवल जागरूक है, बल्कि परिवर्तन की दिशा में अपनी भूमिका निभाने के लिए भी तत्पर है।


संध्या व कृष्णा की सफलता कड़ी मेहनत निरंतर अभ्यास का परिणाम – साजू
मॉडर्न पब्लिक स्कूल, भिवाड़ी के प्रधानाचार्य पी.के. साजू ने छात्रों की इस उपलब्धि पर गहरी प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा, “संध्या और कृष्णा ने जिस आत्मविश्वास, शालीनता और दृढ़ता के साथ अपने विचार प्रस्तुत किए, वह पूरे विद्यालय के लिए गर्व का विषय है। यह सफलता उनके निरंतर अभ्यास, कड़ी मेहनत और शिक्षकों के सकारात्मक मार्गदर्शन की परिणति है।” साजू ने शिक्षिका नीता शर्मा के प्रयासों की भी भूरि-भूरि प्रशंसा की और कहा कि उनके मार्गदर्शन ने छात्रों की प्रतिभा को नई दिशा दी। प्रधानाचार्य पी के साजू ने रोटरी क्लब ऑफ़ दिल्ली गार्डन सिटी के इस सतत प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को नेतृत्व क्षमता, विचारों की स्पष्टता और स्वस्थ अभिव्यक्ति का महत्त्व समझाते हैं। यह प्रतियोगिता विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास और सकारात्मक सामाजिक बदलाव की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। स्कूल की प्रबंध समिति ने भी संध्या और कृष्णा को इस शानदार उपलब्धि के लिए शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


Users Today : 246
Total Users : 4584304
Views Today : 323
Total views : 4608439



