
Ncrkhabar@Bhiwadi.भारत विकास परिषद द्वारा अजमेर में आयोजित क्षेत्र स्तरीय राष्ट्रीय समूह गान प्रतियोगिता में आरपीएस स्कूल धारूहेड़ा ने भिवाड़ी शाखा का प्रतिनिधित्व करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया। इस प्रतियोगिता में लगभग 80 प्रतिभागियों ने अपनी अदभुत स्वर-प्रतिभा का प्रदर्शन किया और देशभक्ति, अनुशासन तथा भारतीय संस्कृति के प्रति गर्व की भावना को प्रदर्शित किया। कार्यक्रम में अतिथियों ने बच्चों में देशभक्ति और संस्कारी व्यक्तित्व विकसित करने पर जोर दिया। विजेता टीम अब 14 दिसंबर को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भिवाड़ी का गौरव बढ़ाएगी। राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड अजमेर के सभागार में आयोजित इस राष्ट्रीय समूह गान प्रतियोगिता का उद्देश्य युवा पीढ़ी में देशभक्ति, अनुशासन और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। इस अवसर पर मुख्य अतिथि राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में देशभक्ति की गहरी भावना पैदा करते हैं और उन्हें अनुशासित व संस्कारी बनाने में मदद करते हैं। वहीं उदघाटन सत्र के मुख्य अतिथि भागीरथ चौधरी ने प्रतियोगिताओं के माध्यम से बच्चों के व्यक्तित्व विकास और राष्ट्रीय भावनाओं को सशक्त करने पर जोर दिया। प्रतियोगिता का मूल्यांकन प्रसिद्ध बॉलीवुड गिटारिस्ट सतीश शर्मा, शास्त्रीय संगीत गायिका अंजलि रायकर और संगीतज्ञ प्रो. राजीव अग्रवाल ने किया। भारत विकास परिषद की राजस्थान मध्य प्रांत इकाई और अजमेर मुख्य शाखा ने इस आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आरपीएस स्कूल की टीम ने हिंदी और संस्कृत सामूहिक-गान प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया और विजेता बनी। भारत विकास परिषद भिवाड़ी शाखा के अध्यक्ष अमित नाहटा जैन ने कहा, “भारत की संस्कृति विश्व की सबसे प्राचीन और समृद्ध संस्कृतियों में से एक है। उन्होंने कहा कि संगीत हमारे संस्कारों का जीवंत प्रतीक है और यह समाज में एकता और राष्ट्रभक्ति का संदेश फैलाने का माध्यम बनता है।”कार्यक्रम के समापन पर विजेताओं को स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। पूरे सभागार में देशभक्ति गीतों की मधुर गूंज ने उपस्थित लोगों के दिलों को भावविभोर कर दिया। आरपीएस स्कूल की टीम अब 14 दिसंबर को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भिवाड़ी का प्रतिनिधित्व करेगी।



Users Today : 243
Total Users : 4584301
Views Today : 320
Total views : 4608436



