

education@ncrkhabar. com-Bhiwadi. मॉडर्न पब्लिक स्कूल (Modern Public School) में विद्यार्थियों की निरंतर शैक्षणिक उपलब्धियों को सम्मानित करने के उद्देश्य से भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान उन मेधावी छात्रों को विशेष सम्मान दिया गया, जिन्होंने लगातार चार और पाँच वर्षों तक स्कॉलर बैज अर्जित कर विद्यालय का नाम रोशन किया है। चार वर्ष तक उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को रेड ब्लेज़र जबकि पाँच वर्ष तक स्कॉलर बैज हासिल करने वाले विद्यार्थियों को रेड टाई प्रदान की गई। समारोह की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन और वंदना के साथ हुई। इसके उपरांत छात्रों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने पूरे वातावरण को उत्साह और ऊर्जा से भर दिया। विद्यालय के प्रिंसिपल पी.के. साजू ने अभिभावकों और अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि रेड ब्लेज़र और रेड टाई विद्यार्थियों की मेहनत, अनुशासन और निरंतरता का प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि जब परिश्रम और समर्पण एक साथ चलते हैं, तो सफलता स्वतः कदम चूमती है।एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर तापती चटर्जी ने अपने प्रेरक संबोधन में विद्यार्थियों को ऊँचे लक्ष्य तय करने और निरंतर मेहनत करते रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प से कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता। समारोह के दौरान मेधावी छात्रों की उपलब्धियों से अभिभावक और शिक्षक भावुक दिखे और सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं। कार्यक्रम में सीनियर विंग की हेडमिस्ट्रेस आशा बोस, प्राइमरी विंग की हेडमिस्ट्रेस जसवंत कौर सिक्का, सीनियर सेकेंडरी विंग की डिप्टी हेडमिस्ट्रेस आभा शर्मा, आधारशिला विंग की डिप्टी हेडमिस्ट्रेस रितु ग्रोवर सहित अनेक शिक्षक-शिक्षिकाएँ उपस्थित रहीं।




Users Today : 199
Total Users : 4575949
Views Today : 246
Total views : 4596813



