केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने भिवाड़ी मोड जंक्शन विकास कार्य का किया शिलान्यास, 5.42 करोड़ रुपए से बदलेगा ट्रैफिक सिस्टम

SHARE:

ncrkhabar@Bhiwadi. औद्योगिक नगरी भिवाड़ी में यातायात व्यवस्था को सुगम और आधुनिक बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने मंगलवार को भिवाड़ी मोड जंक्शन के बहुप्रतीक्षित विकास कार्य का शिलान्यास किया। इस परियोजना पर कुल 5.42 करोड़ रुपये की लागत आएगी, जिसका कार्यादेश जारी हो चुका है और इसे इसी वर्ष पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है।

इस महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत भिवाड़ी मोड जंक्शन पर 18 मीटर व्यास का आधुनिक ट्रैफिक सर्किल बनाया जाएगा। इसके चारों ओर चार लेन सीसी पेवमेंट विकसित किया जाएगा, जिससे भारी व हल्के वाहनों की आवाजाही अधिक सुरक्षित और सुचारू हो सकेगी। इसके साथ ही यातायात को नियंत्रित करने के लिए ट्रैफिक आइलैंड्स का निर्माण किया जाएगा, जिससे जाम की समस्या में कमी आएगी। जंक्शन को एक आधुनिक और आकर्षक पहचान देने के लिए सजावटी स्ट्रीट लाइट्स, उद्यानिकी और लैंडस्केपिंग का कार्य किया जाएगा। इसके अलावा विशिष्ट डिजाइन वाले फीचर पिलर्स लगाए जाएंगे, जिससे भिवाड़ी मोड जंक्शन एक नए लैंडमार्क के रूप में उभरेगा। यात्रियों और वाहन चालकों की सुविधा के लिए गैंट्री बोर्ड और ओवरहेड साइन बोर्ड भी लगाए जाएंगे, ताकि मार्गदर्शन और सड़क संकेत स्पष्ट रूप से दिखाई दे सकें। शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान तिजारा विधायक महंत बालक नाथ योगी, जिला प्रमुख बलबीर छिल्लर, भाजपा जिला अध्यक्ष महासिंह चौधरी, पूर्व विधायक मामन सिंह, बीड़ा के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अतुल प्रकाश और भिवाड़ी के पुलिस अधीक्षक प्रशांत किरण सहित कई जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने इस परियोजना को भिवाड़ी और आसपास के औद्योगिक क्षेत्र के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। इस विकास कार्य के पूरा होने से भिवाड़ी, तिजारा और आसपास के औद्योगिक इलाकों में यातायात व्यवस्था बेहतर होगी, दुर्घटनाओं में कमी आएगी और क्षेत्र के समग्र विकास को नई गति मिलेगी।

Leave a Comment

Our Visitor

4 5 7 5 9 3
Users Today : 189
Total Users : 4575939
Views Today : 234
Total views : 4596801
Read More