
Busienss@ncrkhabar. com-Bhiwadi. भिवाड़ी इंटीग्रेटेड इंडस्ट्रियल एसोसिएशन (BIIA) के कार्यालय में ग्रेटर भिवाड़ी औद्योगिक क्षेत्र से जुड़ी गंभीर समस्याओं को लेकर अलवर सांसद एवं केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेन्द्र यादव के साथ उद्योग प्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। इस बैठक में औद्योगिक अवसंरचना, पर्यावरणीय स्वीकृति, बिजली आपूर्ति, स्वास्थ्य सेवाएं और परिवहन जैसी मूलभूत समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बीआईआईए के मानद सचिव हरिश गौड़ ने कहा कि भिवाड़ी औद्योगिक क्षेत्र राजस्थान ही नहीं बल्कि देश की अर्थव्यवस्था में अहम योगदान दे रहा है, लेकिन बुनियादी सुविधाओं और प्रशासनिक समन्वय की कमी से उद्योगों को गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
बीआईआईए अध्यक्ष प्रवीण लांबा ने केहरानी–चोपानकी औद्योगिक क्षेत्र में KGTA (SPV) की कार्यप्रणाली और CETP परियोजना में देरी को प्रमुख मुद्दा बताया। उन्होंने कहा कि सीईटीपी में हो रही देरी के कारण उद्योगों को पर्यावरणीय मंजूरी और उत्पादन संचालन में परेशानी हो रही है।
बैठक में उद्योग प्रतिनिधियों ने सीईटीपी व डंपिंग यार्ड की पारदर्शिता, जेवीवीएनएल की बिजली आपूर्ति, होंडा चौक–खुशखेड़ा रोड पर अतिक्रमण, टोल शिफ्टिंग में देरी, ईएसआईसी अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी, सार्वजनिक परिवहन, जीएसटी दरों का युक्तिकरण और इंडस्ट्रियल रीक्रिएशन क्लब की मांग जैसे कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए। इस संबंध में बीआईआईए की ओर से एक विस्तृत प्रतिवेदन मंत्री को सौंपा गया। इसके अलावा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (RSPCB) और केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के बीच औद्योगिक इकाइयों के वर्गीकरण को लेकर चल रहे मतभेदों की भी जानकारी दी गई, जिस पर केंद्रीय मंत्री ने बीआईआईए से विस्तृत रिपोर्ट मांगी।
दो साल में चरणबद्ध समाधान का भरोसा
केंद्रीय मंत्री भूपेन्द्र यादव ने उद्योग प्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि केंद्र सरकार ग्रेटर भिवाड़ी की अवसंरचनात्मक और पर्यावरणीय समस्याओं को गंभीरता से ले रही है और अगले दो वर्षों में चरणबद्ध तरीके से समाधान किया जाएगा। बैठक में बीआईआईए के मानद संरक्षक हरि राम शर्मा, ओपी अग्रवाल, राम प्रकाश गर्ग, सतिंदर सिंह चौहान, कोषाध्यक्ष मुकेश शर्मा, सुरेश अग्रवाल, विपिन चौधरी, आरके भारद्वाज, गिरीश शर्मा, संजय खन्ना सहित बड़ी संख्या में उद्योग प्रतिनिधि मौजूद रहे। अंत में मानद संरक्षक राम प्रकाश ने धन्यवाद ज्ञापन किया।

Users Today : 189
Total Users : 4575939
Views Today : 234
Total views : 4596801



