
Crime@ncrkhabar. com-Bhiwadi. भिवाड़ी फेज थर्ड थाना पुलिस (Bhiwadi Phase III Police Station) ने औद्योगिक क्षेत्र के रिलेक्सो चौक के पास स्थित कासा बाथ फिटिंग्स प्राइवेट लिमिटेड में हुई नकबजनी के मामले में तीन और आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 200 किलोग्राम पीतल की टोटियां बरामद की हैं। इससे पहले पुलिस इस मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार कर 500 किलोग्राम पीतल की टोटियां बरामद कर चुकी है। थानाधिकारी दारा सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने नरेन्द्र, साहिल निवासी आसदपुर थाना कुलाणा तथा दीपक निवासी रईया थाना झज्जर सिटी जिला झज्जर को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में सामने आया कि यह गिरोह दिन में फैक्ट्रियों व गोदामों की रेकी करता था और रात में ऑटो रिक्शा के जरिये मौके पर पहुंचकर चोरी की वारदात को अंजाम देता था। एसएचओ दारा सिंह ने बताया कि कासा बाथ फिटिंग्स प्राइवेट लिमिटेड के मालिक रजत सारदा ने 24 नवंबर को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 22 नवंबर की रात फर्म बंद कर घर जाने के बाद 24 नवंबर की सुबह चोरी की जानकारी मिली। जांच में सामने आया कि फर्म से करीब 900 किलोग्राम पीतल की टोटियां, जो 18 कट्टों में पैक थीं, चोरी की गई थीं। सीसीटीवी फुटेज में 23 नवंबर की रात करीब 1.55 बजे पांच चोरों को पास की बंद फैक्ट्री से दीवार फांदकर फर्म में घुसते, तार काटते और तीन तालों की कुंडियां तोड़कर करीब 2.55 बजे माल लेकर फरार होते देखा गया, जबकि उस समय सुरक्षा गार्ड गार्ड रूम में सो रहा था। पुलिस ने सायबर सेल और मुखबिरों की मदद से आरोपियों की पहचान कर उन्हें झज्जर, रेवाड़ी और मानेसर से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की गई शेष 200 किलोग्राम पीतल की टोटियां भी बरामद कर ली गई हैं। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी नरेन्द्र उर्फ निंदर के खिलाफ हत्या सहित कई गंभीर आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं।

Users Today : 191
Total Users : 4575941
Views Today : 237
Total views : 4596804



