राष्ट्रीय युवा दिवस पखवाड़ा: एबीवीपी ने निकाली शोभायात्रा, 400 से अधिक विद्यार्थियों ने लिया राष्ट्र निर्माण का संकल्प

SHARE:

Education@ncrkhabar. com-Bhiwadi. राष्ट्रीय युवा दिवस पखवाड़ा के अंतर्गत अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) खैरथल इकाई द्वारा स्वामी विवेकानंद की जयंती के अवसर पर भव्य शोभायात्रा एवं विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ बिजली घर से हुआ, जहाँ से अनुशासित एवं उत्साहपूर्ण शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई अग्रवाल धर्मशाला पहुँची।

शोभायात्रा में विद्यार्थियों ने स्वामी विवेकानंद के चित्र, बैनर एवं प्रेरक नारों के माध्यम से उनके विचारों को जन-जन तक पहुँचाया। युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। शोभायात्रा के पश्चात अग्रवाल धर्मशाला में आयोजित सभा में स्वामी विवेकानंद के जीवन, दर्शन एवं युवाओं के प्रति उनके संदेशों पर विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री प्रवीण लाम्बा ने कहा कि स्वामी विवेकानंद का जीवन आज के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने युवाओं से आत्मविश्वास, अनुशासन एवं राष्ट्रभक्ति के भाव के साथ समाज व राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

मुख्य वक्ता विभाग संयोजक नारायण भारत ने स्वामी विवेकानंद के विचारों को रेखांकित करते हुए कहा कि उनका जीवन दर्शन युवाओं को आत्मनिर्भर, चरित्रवान और कर्तव्यनिष्ठ बनने की प्रेरणा देता है। उन्होंने “उठो, जागो और लक्ष्य प्राप्ति तक रुको मत” के संदेश को आज भी प्रासंगिक बताया। कार्यक्रम में 400 से अधिक छात्र-छात्राओं ने सहभागिता निभाई। सभी विद्यार्थियों ने अनुशासन बनाए रखते हुए स्वामी विवेकानंद के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। एबीवीपी के विभाग संयोजक हिमांशु गुप्ता ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्र निर्माण, सामाजिक दायित्व, सांस्कृतिक चेतना एवं आत्मगौरव की भावना को सुदृढ़ करना है। कार्यक्रम का मंच संचालन अनूप यादव ने किया। इस अवसर पर राजेश जोशी, महेश गुप्ता, विशाल अग्रवाल, विशाल गुप्ता सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

राष्ट्रीय युवा दिवस पखवाड़ा में एबीवीपी की ओर से निकाली गई शोभायात्रा में शामिल विद्यार्थी।

Leave a Comment

Our Visitor

1 5 6 0 7 4
Users Today : 259
Total Users : 156074
Views Today : 319
Views This Year : 73353
Total views : 245773
Read More