

NCRkhabar@Newdelhi/bhiwadi.औद्योगिक नगरी भिवाड़ी के लिए यह क्षण अत्यंत गौरवपूर्ण रहा जब 26 जनवरी 2026 को नई दिल्ली में आयोजित गणतंत्र दिवस की भव्य परेड में शहर के सपूत कैप्टन तनिष्क शर्मा ने भारतीय सेना की अत्याधुनिक ‘अभ्र’ मिसाइल प्रणाली का नेतृत्व किया। देश की सामरिक शक्ति के इस प्रदर्शन के साथ भिवाड़ी का नाम राष्ट्रीय मंच पर गर्व से गूंज उठा। गणतंत्र दिवस परेड देश की सैन्य ताकत, अनुशासन और आत्मनिर्भर भारत की झलक प्रस्तुत करती है। ऐसे प्रतिष्ठित मंच पर कैप्टन तनिष्क शर्मा को यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपा जाना उनकी नेतृत्व क्षमता, समर्पण और सैन्य दक्षता का प्रमाण है। परेड के दौरान उनके नेतृत्व में ‘अभ्र’ मिसाइल प्रणाली ने भारतीय सेना की तकनीकी मजबूती और रणनीतिक क्षमता को प्रभावशाली ढंग से प्रदर्शित किया। कैप्टन तनिष्क शर्मा की इस उपलब्धि ने न केवल भिवाड़ी बल्कि पूरे अलवर जिले और राजस्थान प्रदेश को गौरवान्वित किया है। औद्योगिक पहचान के लिए प्रसिद्ध भिवाड़ी अब देश की रक्षा व्यवस्था में योगदान देने वाले वीर सैन्य अधिकारियों की भूमि के रूप में भी अपनी अलग पहचान बना रहा है।
संत जेवियर स्कूल के पूर्व छात्र हैं तनिष्क शर्मा
गौरतलब है कि कैप्टन तनिष्क शर्मा संत जेवियर स्कूल, भिवाड़ी के पूर्व छात्र रह चुके हैं। उनके पिता मुकेश शर्मा एवं माता रजनी शर्मा इसी विद्यालय में अध्यापन कार्य से जुड़े हुए हैं। ऐसे में विद्यालय परिवार के लिए यह पल विशेष सम्मान और गर्व का है कि उनका विद्यार्थी आज भारतीय सेना में कैप्टन के पद पर आसीन होकर राष्ट्र सेवा कर रहा है।
युवाओं के लिए प्रेरणा बने कैप्टन तनिष्क
गणतंत्र दिवस परेड में उनकी भागीदारी ने भिवाड़ी के युवाओं में देशभक्ति और सेना के प्रति उत्साह को और मजबूत किया है। कैप्टन तनिष्क शर्मा की सफलता यह संदेश देती है कि छोटे शहरों से निकलकर भी युवा कड़ी मेहनत, अनुशासन और संकल्प के बल पर राष्ट्रीय पहचान बना सकते हैं। कैप्टन तनिष्क शर्मा की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर भिवाड़ी नगर सहित पूरे एनसीआर क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। सामाजिक संगठनों, शिक्षण संस्थानों और नागरिकों ने उन्हें हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

Users Today : 189
Total Users : 4575939
Views Today : 234
Total views : 4596801



