पथरेड़ी औद्योगिक क्षेत्र में लाइटर बनाने वाली फैक्ट्री में लगी भीषण आग, लाखों का नुकसान

SHARE:

ncrkhabar@Bhiwadi.पथरेड़ी औद्योगिक क्षेत्र में रविवार सुबह लाइटर निर्माण फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में फैक्ट्री का बड़ा हिस्सा इसकी चपेट में आ गया। ऊंची लपटों और काले धुएं के गुबार से पूरे औद्योगिक क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।

रविवार को दमकल केंद्र भिवाड़ी को आग लगने की सूचना मिली, जिसके बाद रीको दमकल केंद्र की गाड़ियां तत्काल मौके पर रवाना की गईं। आग की गंभीरता को देखते हुए रीको भिवाड़ी, खुशखेड़ा, नगर परिषद भिवाड़ी सहित अन्य स्थानों से एक दर्जन से अधिक दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने करीब दो घंटे से अधिक समय तक कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

आग पथरेड़ी औद्योगिक क्षेत्र स्थित डायका स्मार्ट सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड फैक्ट्री में लगी, जहां लाइटर का निर्माण किया जाता है। फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में ज्वलनशील सामग्री मौजूद होने के कारण आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि आसपास की अन्य फैक्ट्रियों तक गर्मी और धुआं फैल गया। आग की चपेट में आकर फैक्ट्री में रखा लाखों रुपये का कच्चा व तैयार माल जलकर राख हो गया। गनीमत यह रही कि आग लगने के समय फैक्ट्री में मौजूद सभी श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। चौपानकी थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। फैक्ट्री पूरी तरह ठंडी होने के बाद आग लगने के वास्तविक कारणों और हुए नुकसान का आकलन किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि गत वर्ष 14 अक्टूबर को भी इसी फैक्ट्री में आग लगने की घटना हो चुकी है। पुलिस और दमकल विभाग की संयुक्त टीम मामले की जांच में जुटी हुई है।

पथरेड़ी औद्योगिक क्षेत्र स्थित दायका लाइटर फैक्ट्री में लगी भीषण आग से उठता हुआ धुआं।

 

Leave a Comment

Our Visitor

4 5 7 2 7 0
Users Today : 18
Total Users : 4572701
Views Today : 20
Total views : 4592219
Read More