भिवाड़ी में 5 करोड़ की फिरौती के लिए फायरिंग करने वाला अमित डागर गैंग का सदस्य टेकचंद गिरफ्तार, आरोपी के खिलाफ 38 आपराधिक मुकदमें हैं दर्ज

SHARE:

Crime@ncrkhabar. com-Bhiwadi. भिवाड़ी थाना पुलिस ने वर्ष 2021 में घटाल औद्योगिक क्षेत्र स्थित पुनित ट्रेडर्स (मुन्नालाल कबाड़ी) पर पांच करोड़ रुपये की फिरौती के लिए की गई अंधाधुंध फायरिंग के मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए कुख्यात अमित डागर गैंग के सदस्य टेकचंद को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और दिल्ली में हत्या, हत्या का प्रयास, अपहरण, डकैती, रंगदारी और आर्म्स एक्ट सहित करीब तीन दर्जन से अधिक मामलों में वांछित चल रहा था।

थानाधिकारी इंस्पेक्टर सचिन शर्मा ने बताया कि 25 अगस्त 2021 को हाउसिंग बोर्ड सेक्टर-एक निवासी पुनीत कुमार भूतड़ा के गोदाम पर दोपहर के समय छह बदमाश दिल्ली नंबर की कार में सवार होकर पहुंचे थे। चार बदमाश गेट के अंदर घुसे और गार्ड अजीत के सिर पर पिस्टल तान दी। इसके बाद बदमाशों ने परिसर में खड़ी बेलनो और सेंट्रो कार पर करीब 20 से 25 राउंड फायरिंग कर दहशत फैला दी। घटना के दौरान एक बदमाश ऑफिस की ओर बढ़ा, जहां पुनीत कुमार, उनके भाई मनोज कुमार और पिता मुन्नालाल मौजूद थे, लेकिन वह वापस मुड़ गया और बाहर से ही फायरिंग करता रहा। वारदात के बाद आरोपी पांच करोड़ रुपये की फिरौती की मांग का एक पत्र गार्ड को देकर गए और जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। भिवाड़ी थाना पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू की। इस प्रकरण में रोहित उर्फ साधु, सचिन उर्फ गचनू, दीपक अग्रवाल, अमित उर्फ बड़ा भोला और गैंग सरगना अमित डागर को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था, जबकि टेकचंद फरार चल रहा था। आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस ने कई स्थानों पर दबिश दी, लेकिन वह लगातार ठिकाने बदलकर पुलिस से बचता रहा। पुलिस अधीक्षक प्रशांत किरण के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने आखिरकार वांछित आरोपी टेकचंद पुत्र डालचंद, निवासी खेड़ी कला, थाना बीपीटीपी फरीदाबाद (हरियाणा) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी टेकचंद के खिलाफ हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और दिल्ली के 8 जिलों के 20 से अधिक थानों में कुल 38 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनमें हत्या, हत्या का प्रयास, अपहरण, डकैती, रंगदारी, फिरौती और आर्म्स एक्ट जैसी गंभीर धाराएं शामिल हैं। भिवाड़ी पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में सक्रिय गैंग नेटवर्क से जुड़े अन्य मामलों में भी महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है।

Leave a Comment

Our Visitor

4 5 7 5 9 3
Users Today : 189
Total Users : 4575939
Views Today : 234
Total views : 4596801
Read More