

ncrkhabar@Bhiwadi. महान स्वतंत्रता सेनानी और किसान आंदोलन के प्रेरणास्रोत विजय सिंह पथिक की जयंती भिवाड़ी में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिकों, समाजसेवियों और युवाओं ने भाग लेकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम के साथ होली मिलन समारोह भी आयोजित किया गया, जिसमें उपस्थित लोगों ने आपसी भाईचारे के साथ एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में टपूकड़ा के एसडीएम लखन सिंह गुर्जर मौजूद रहे। कार्यक्रम के संयोजक पार्षद एडवोकेट सूबे सिंह ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान डॉ. राजेंद्र ने विजय सिंह पथिक के जीवन परिचय पर प्रकाश डाला। वहीं प्रिंसिपल रामकिशन और मास्टर सतपाल ने उनके संघर्षमय जीवन और किसानों के अधिकारों के लिए किए गए आंदोलनों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। मुख्य अतिथि लखन सिंह गुर्जर ने अपने संबोधन में कहा कि विजय सिंह पथिक का जीवन संघर्ष, साहस और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है। उन्होंने किसानों के अधिकारों के लिए जो संघर्ष किया, वह आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। वक्ताओं ने उनके स्वतंत्रता संग्राम में योगदान और ऐतिहासिक बिजोलिया किसान आंदोलन में निभाई गई महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हमें उनके विचारों को अपनाकर सामाजिक एकता और न्याय की भावना को मजबूत करना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान नए उद्योगपतियों को भी सम्मानित किया गया। इसमें महिला उद्यमियों, डॉक्टरों, चार्टर्ड अकाउंटेंट्स और युवा उद्योगपतियों को विशेष रूप से सम्मान प्रदान किया गया। इस अवसर पर डॉ. रूप सिंह, घनश्याम प्रधान, हंसराम दायमा, तेजपाल नगर, पार्षद जीत, दयाराम भिदूड़ी, पार्षद कालूराम, प्रदीप भेड़ी, डॉ. नरेश दायमा, नरेंद्र दायमा सहित कई गणमान्य लोगों ने अपने विचार व्यक्त किए और विजय सिंह पथिक के संघर्षमय जीवन व उनके योगदान को याद किया। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने विजय सिंह पथिक के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया और होली मिलन समारोह के माध्यम से सामाजिक सौहार्द का संदेश दिया।



Users Today : 97
Total Users : 4563211
Views Today : 111
Total views : 4579501



