

ncrkhabar@Bhiwadi. राजस्थान आवासन मंडल ने भिवाड़ी की प्रतिष्ठित कॉलोनी अरावली विहार में उच्च आय वर्ग (HIG) के लिए 32 फ्लैट्स की स्ववित्त पोषित पंजीकरण योजना शुरू की है। इच्छुक आवेदक 31 मार्च 2026 तक इस योजना के लिए पंजीकरण करा सकते हैं। राजस्थान आवासन मंडल के उपायुक्त पीएल मीणा ने बताया कि योजना के तहत बनने वाले प्रत्येक फ्लैट का सुपर बिल्ट-अप क्षेत्रफल 2219.46 वर्गफीट होगा। फ्लैट में आधुनिक सुविधाओं के साथ 3 बेडरूम, 1 स्टडी रूम, 1 डाइनिंग रूम, 1 ड्राइंग रूम, 1 स्टोर रूम, 1 किचन, 4 टॉयलेट और 4 बालकनी बनाई जाएंगी। इस योजना में भारत का कोई भी नागरिक, जो उच्च आय वर्ग में आता है, आवेदन कर सकता है।
उन्होंने बताया कि सामान्य श्रेणी के आवेदकों को पंजीकरण के समय 354 रुपये आवेदन शुल्क, 2360 रुपये प्रोसेसिंग फीस और 5,47,575 रुपये पंजीकरण राशि जमा करनी होगी। इस प्रकार कुल 5,50,289 रुपये ऑनलाइन या ऑफलाइन माध्यम से जमा किए जा सकते हैं।पंजीकरण के दौरान आवेदकों को ई-मेल आईडी, मोबाइल नंबर, नवीनतम फोटो, आय प्रमाण पत्र और पहचान पत्र अपलोड करना होगा। भुगतान के लिए डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड या नेट बैंकिंग का उपयोग किया जा सकता है। योजना के अंतर्गत फ्लैट की अनुमानित कीमत करीब 52.15 लाख रुपये तय की गई है। इसमें से 10 प्रतिशत राशि पंजीकरण के समय जमा करनी होगी, जबकि शेष 90 प्रतिशत राशि निर्माण कार्य शुरू होने के बाद 9 अर्धवार्षिक किस्तों में जमा करानी होगी।31 मार्च 2026 के बाद पात्र आवेदकों की प्राथमिकता तय करने के लिए ऑनलाइन लॉटरी निकाली जाएगी, जिसके आधार पर फ्लैट का आवंटन किया जाएगा।



Users Today : 21
Total Users : 4572704
Views Today : 23
Total views : 4592222



