
ncrkhabar@Bhiwadi.भगवान परशुराम जन्मोत्सव के पावन अवसर पर आयोजित होने वाली भव्य शोभा यात्रा को लेकर भिवाड़ी में तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। रविवार को विप्र सेना जिला खैरथल-तिजारा के नेतृत्व में एक निजी स्कूल में आयोजित बैठक में आयोजन की रूपरेखा तय की गई और कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जिम्मेदारियां बांटी गईं।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आगामी 17 मई को भगवान परशुराम की भव्य शोभा यात्रा निकाली जाएगी एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन बड़े स्तर पर किया जाएगा। इस आयोजन का नेतृत्व जिला अध्यक्ष अशोक कौशिक करेंगे। बैठक में यह भी तय किया गया कि कार्यक्रम को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए 10 कार्यक्रम संयोजकों और 31 सदस्यों की एक मजबूत आयोजन समिति का गठन किया जाएगा।
आयोजकों ने बताया कि इस शोभा यात्रा में जिला खैरथल-तिजारा के समस्त विप्र समाज के लोगों के साथ-साथ विभिन्न सामाजिक संगठनों को भी आमंत्रित किया जाएगा। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं के अपने परिवार सहित शामिल होने की संभावना है, जिससे यह आयोजन भव्य और ऐतिहासिक रूप ले सकता है।
कार्यक्रम की एक विशेष पहल के तहत विप्र समाज के प्रतिभावान बच्चों को सम्मानित किया जाएगा। इससे न केवल बच्चों का उत्साहवर्धन होगा, बल्कि समाज में शिक्षा और प्रतिभा को भी प्रोत्साहन मिलेगा। आयोजकों का मानना है कि ऐसे कार्यक्रम समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं और नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
बैठक में संरक्षक भीमराज जोशी, जी.एल. स्वामी, नेमीचंद शर्मा, राजेश्वर त्यागी, सचिन राय, अरुण पाण्डेय, डॉ. गौरव भरद्वाज, सोमदत्त शर्मा, डॉ. रचना शर्मा, अशोक कौशिक सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने आयोजन को सफल बनाने के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।



Users Today : 246
Total Users : 4584304
Views Today : 323
Total views : 4608439



