हरियाणा में न्यूनतम वेतन बढ़ोतरी के बाद भिवाड़ी के श्रमिकों में बढ़ा असंतोष, सुप्राजित इंजीनियरिंग के श्रमिकों ने किया प्रदर्शन

SHARE:

ncrkhabar@Bhiwadi.आसपास के क्षेत्र में न्यूनतम वेतन में करीब 35 प्रतिशत तक बढ़ोतरी के बाद भिवाड़ी के औद्योगिक क्षेत्रों में श्रमिकों में असंतोष लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी कड़ी में सोमवार को पथरेड़ी औद्योगिक क्षेत्र स्थित सुप्राजित इंजीनियरिंग में कार्यरत श्रमिकों ने वेतन बढ़ोतरी की मांग को लेकर फैक्ट्री के बाहर सड़क जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया।

अचानक हुए इस विरोध प्रदर्शन से क्षेत्र में यातायात व्यवस्था चरमरा गई और सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। प्रदर्शन कर रहे श्रमिकों का कहना था कि बढ़ती महंगाई और अन्य क्षेत्रों में बढ़े हुए वेतन के मुकाबले उन्हें कम मजदूरी मिल रही है, जिससे उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। श्रमिकों ने आरोप लगाया कि वे लंबे समय से वेतन बढ़ोतरी की मांग कर रहे हैं, लेकिन प्रबंधन की ओर से इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

श्रमिकों का कहना है कि जब आसपास के क्षेत्रों में न्यूनतम वेतन में उल्लेखनीय बढ़ोतरी की गई है, तो भिवाड़ी में कार्यरत श्रमिकों को भी इसका लाभ मिलना चाहिए। वेतन असमानता के कारण श्रमिकों में असंतोष बढ़ रहा है और इसका असर औद्योगिक माहौल पर भी पड़ सकता है।

घटना की सूचना मिलते ही चौपानकी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने का प्रयास किया। पुलिस ने श्रमिकों को समझाइश देकर सड़क से हटाया और जाम खुलवाकर यातायात को सुचारू कराया। इस दौरान पुलिस ने सभी से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए टपूकड़ा तहसीलदार शैतान सिंह भी मौके पर पहुंचे। प्रशासन की मौजूदगी में श्रमिकों और फैक्ट्री प्रबंधन के बीच वार्ता शुरू कराई गई, ताकि वेतन बढ़ोतरी के मुद्दे का समाधान निकाला जा सके। दोनों पक्षों के बीच बातचीत जारी है और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि श्रमिकों की मांगों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा और जल्द ही सकारात्मक समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा। वहीं श्रमिकों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों को नजरअंदाज किया गया, तो वे आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज कर सकते हैं, जिससे औद्योगिक गतिविधियां प्रभावित हो सकती हैं।

पथरेड़ी औद्योगिक क्षेत्र में प्रदर्शन करते श्रमिक।

 

 

Leave a Comment

Our Visitor

4 5 7 5 9 3
Users Today : 189
Total Users : 4575939
Views Today : 234
Total views : 4596801
Read More