NCR के औद्योगिक क्षेत्रों में वेतन बढ़ोतरी को लेकर उबाल, भिवाड़ी में दूसरे दिन भी श्रमिकों का प्रदर्शन

SHARE:

ncrkhabar@Bhiwadi/NCR. एनसीआर के औद्योगिक क्षेत्रों में वेतन बढ़ोतरी की मांग को लेकर श्रमिकों में असंतोष तेजी से बढ़ता नजर आ रहा है। लगातार दूसरे दिन भिवाड़ी के औद्योगिक क्षेत्रों में श्रमिक सड़कों पर उतर आए, जिससे औद्योगिक गतिविधियों और यातायात व्यवस्था पर असर पड़ा। सोमवार को पथरेड़ी औद्योगिक क्षेत्र स्थित सुप्राजित इंजीनियरिंग में ठेका श्रमिकों ने वेतन बढ़ोतरी सहित विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन करते हुए सड़क जाम कर दिया था। इस दौरान स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा और बाद में प्रशासन की मौजूदगी में श्रमिकों व प्रबंधन के बीच वार्ता कराई गई।

वहीं मंगलवार सुबह एक बार फिर पथरेड़ी औद्योगिक क्षेत्र में स्थित संवर्धन मदरसन फैक्ट्री के श्रमिक सड़क पर उतर आए। सुबह की शिफ्ट में पहुंचे ठेका श्रमिकों ने वेतन बढ़ोतरी, कार्य परिस्थितियों में सुधार और अन्य सुविधाओं की मांग को लेकर फैक्ट्री गेट के बाहर जाम लगा दिया और नारेबाजी शुरू कर दी। अचानक हुए इस प्रदर्शन से क्षेत्र में यातायात प्रभावित हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने के लिए जाब्ता तैनात किया गया। प्रशासन द्वारा श्रमिकों को समझाइश देने के साथ ही प्रबंधन से बातचीत के प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि जल्द समाधान निकाला जा सके।

जानकारों का मानना है कि एनसीआर के विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में वेतन असमानता और बढ़ती महंगाई के कारण श्रमिकों में असंतोष बढ़ रहा है। यदि समय रहते समाधान नहीं निकाला गया तो यह आंदोलन बड़े स्तर पर फैल सकता है। प्रशासन फिलहाल स्थिति पर नजर बनाए हुए है और दोनों पक्षों के बीच संवाद के जरिए समाधान निकालने की कोशिश की जा रही है।

 

Leave a Comment

Our Visitor

4 5 8 0 0 4
Users Today : 2
Total Users : 4580046
Views Today : 11
Total views : 4602097
Read More