
Ncrkhabar@Bhiwadi.औद्योगिक क्षेत्र में श्रमिकों के हालिया विरोध के बीच प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए मजदूरों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश जारी किए हैं। मंगलवार को जिला सचिवालय खैरथल में जिला कलक्टर अतुल प्रकाश की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में जिले के सभी औद्योगिक संगठनों और उद्योगपतियों को श्रमिक कल्याण से जुड़े महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।
जिला कलक्टर ने स्पष्ट कहा कि सभी औद्योगिक इकाइयां अपने यहां कार्यरत मजदूरों को समय पर पूर्ण वेतन का भुगतान सुनिश्चित करें। इसके साथ ही कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए श्रमिकों को आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराना अनिवार्य किया गया है, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचाव हो सके।
बैठक में फैक्ट्रियों में संचालित कैंटीन व्यवस्था को बेहतर बनाने, श्रमिकों को स्वच्छ एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने तथा उन्हें उचित मेडिकल सुविधाएं देने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही श्रमिकों को नियमानुसार अवकाश देने पर भी जोर दिया गया।
प्रशासन ने कानून-व्यवस्था को लेकर भी कड़ा संदेश दिया। जिला कलक्टर ने पुलिस विभाग को निर्देशित किया कि यदि कोई असामाजिक तत्व सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से मजदूरों को भड़काने या माहौल खराब करने का प्रयास करता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
वेतन भुगतान में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए उप श्रम आयुक्त को निर्देश दिए गए कि ठेका श्रमिकों से सीधे संपर्क कर क्रॉस वेरिफिकेशन किया जाए। यदि किसी भी प्रकार की अनियमितता सामने आती है, तो संबंधित इकाई या ठेकेदार के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाए।
इसके अलावा, श्रमिकों को उनके अधिकारों और श्रम कानूनों की जानकारी सरल भाषा में देने पर विशेष जोर दिया गया। जिला कलक्टर ने कहा कि प्रशासन और उद्योगों की साझा जिम्मेदारी है कि श्रमिकों में विश्वास कायम रखा जाए और संवाद तथा पारदर्शिता को बढ़ावा दिया जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार के विवाद, समस्या या असामान्य गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन तक पहुंचाई जाए, ताकि समय रहते समाधान किया जा सके। जिला कलक्टर ने दोहराया कि राज्य सरकार श्रमिकों के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और उनके कल्याण के लिए लगातार प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर सुमित्रा मिश्रा, उप श्रम आयुक्त प्रज्ञा शर्मा सहित विभिन्न औद्योगिक संगठनों के पदाधिकारी और उद्योगपति उपस्थित रहे।

Users Today : 189
Total Users : 4575939
Views Today : 234
Total views : 4596801



