कोटपुतली-बहरोड़ में एसीबी की बड़ी कार्रवाई: जमीन बंटवारे की रिपोर्ट के बदले 40 हजार रिश्वत लेते पटवारी गिरफ्तार

SHARE:

Crime@Ncrkhabar. com-Bhiwadi.राजस्थान के कोटपुतली-बहरोड़ जिले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पटवारी को 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी जमीन बंटवारे के मामले में रिपोर्ट पेश करने के बदले घूस मांग रहा था। एसीबी भिवाड़ी चौकी के डीएसपी परमेश्वर लाल ने बताया कि पटवारी प्रमोद सामरिया पावटा तहसील के भैसलाना पटवार हलका में तैनात है। उसने परिवादी से जमीन बंटवारे की रिपोर्ट एसडीएम कोर्ट में पेश करने के बदले रिश्वत की मांग की थी।

एक लाख की मांग, 80 हजार में हुआ सौदा

परिवादी ने एसीबी को दी शिकायत में बताया कि उसके पिता की पैतृक जमीन के बंटवारे का मामला पिछले 5-6 वर्षों से एसडीएम कोर्ट में लंबित था। कोर्ट ने 20 जून 2025 को फैसला परिवादी के पक्ष में दिया और पटवारी को रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए।इसके बावजूद आरोपी ने रिपोर्ट जानबूझकर लंबित रखी और इसके बदले 1 लाख रुपये की रिश्वत मांगने लगा। बाद में मिन्नत करने पर आरोपी 80 हजार रुपये लेने पर तैयार हो गया और रकम तीन किस्तों में तय की गई।

एसीबी ने किया ट्रैप, पहली किस्त लेते पकड़ा

एसीबी ने 29 अप्रैल 2026 को शिकायत का सत्यापन किया, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इसके बाद उप महानिरीक्षक भुवन भूषण यादव के सुपरविजन में ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई गई।बुधवार को एसीबी भिवाड़ी चौकी के डीएसपी परमेश्वर लाल के नेतृत्व में टीम ने जाल बिछाया और आरोपी को पहली किस्त के रूप में 40 हजार रुपये लेते ही रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम में केस दर्ज

एसीबी ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और मामले में आगे की जांच की जा रही है।

 

Leave a Comment

Our Visitor

4 5 8 0 0 4
Users Today : 3
Total Users : 4580047
Views Today : 12
Total views : 4602098
Read More